CHHATTISGARH ACB ACTION | थाने के अंदर रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार!

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक के खिलाफ ACB में शिकायत की थी। आरोप था कि रुपए के लेनदेन से जुड़े एक मामले में किशोर यादव ने उनसे 5 लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। इसके बाद बुधवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की तैयारी की गई। योजना के तहत गौरव अग्रवाल को 20 हजार रुपये देकर बसंतपुर थाने भेजा गया।
जैसे ही गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को रकम दी, पहले से तैनात ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
फिलहाल ACB की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। अब जांच में रिश्वत की कथित मांग और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।



