CHHATTISGARH | 21 सितंबर से डॉक्टरों का आंदोलन! OPD सेवाओं पर पड़ेगा असर

रायपुर. रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में 21 सितंबर से डॉक्टरों का आंदोलन शुरू होने जा रहा है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने 17 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन का दावा है कि इसमें करीब 5 हजार डॉक्टर शामिल होंगे।
JDA के मुताबिक, 21 सितंबर से OPD सेवाओं के कार्य बहिष्कार के साथ नियमित और निर्धारित IPD सेवाओं समेत गैर-आपातकालीन कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। CIDA और CGDF ने भी आंदोलन को समर्थन देने की बात कही है।
एसोसिएशन का कहना है कि पिछले करीब छह महीने से सरकार के सामने मांगें रखी जा रही थीं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद आंदोलन का फैसला लिया गया है।
अगर 21 सितंबर के बाद भी मांगों पर समाधान नहीं निकलता है तो 23 सितंबर से आंदोलन का दूसरा चरण शुरू हो सकता है। इसमें सेवाओं के बहिष्कार का दायरा और बढ़ाने की बात कही गई है। वहीं, मरीजों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को लेकर आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने की बात भी संगठन ने कही है।
JDA ने सरकार से 17 सूत्रीय मांगों पर तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर ठोस निर्णय और स्पष्ट रोडमैप देने की मांग की है।



