CJP PROTEST DELHI | ध्रुव राठी और अभिजीत दिपके हिरासत में …

नई दिल्ली। CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को फ्लाइट से ही डिटेन किए जाने की खबर है, जबकि यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में लिया गया है। दोनों मामलों को लेकर प्रदर्शन से पहले राजधानी में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी को शनिवार सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार इलाके से दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के सहयोग से हिरासत में लिया। हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले की विस्तृत जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
अभिजीत दिपके को लेकर भी कार्रवाई की खबर सामने आई है। इसके अलावा सौरव दास, रांका और CJP की लीगल हेड रत्ना समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। जंतर-मंतर पर पुलिस ने करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
दिल्ली में 25 हजार जवान तैनात
CJP के प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिलने के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, राजधानी में करीब 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। कई स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाए गए हैं और प्रदर्शन के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए बॉडी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
CJP ने हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने और नियमों के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है और प्रदर्शन का घटनाक्रम किस दिशा में जाता है।



