chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

NAKTI BULLDOZER ACTION | नकटी में बुलडोजर बनाम गांव!

 

रायपुर. रायपुर के नकटी गांव में सोमवार को माहौल पूरी तरह गरमा गया। भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। गांव की सड़कों पर लोग बैठ गए, नारेबाजी शुरू हो गई और कुछ जगहों पर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।

बुलडोजर जैसे ही आगे बढ़ा, ग्रामीण उसके सामने खड़े हो गए। विरोध इतना बढ़ा कि मशीन पर पत्थरबाजी तक की खबर सामने आई। गांव के लोगों का कहना है कि उनके घर टूट गए तो वे आखिर जाएंगे कहां।

जानकारी के मुताबिक गांव में 70 से ज्यादा मकान हैं और दो दिन पहले ही प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था। उसी के बाद आज कार्रवाई शुरू की गई। दूसरी तरफ प्रशासन प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर-30 में शिफ्ट करने की तैयारी में जुटा है। लोगों के सामान ले जाने के लिए गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर विधायकों की कॉलोनी बसाने के लिए उन्हें हटाया जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि यह चारागाह की जमीन है, जिस पर अवैध कब्जा किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इसी जमीन पर उनके पूर्वज रहते आए हैं और कई मकान तो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने हैं। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button