NAKTI VILLAGE CONTROVERSY | नकटी में घर नहीं लेंगे विधायक! सीएम को लिखा पत्र

रायपुर। नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव के बाद अब सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने भी साफ कर दिया है कि वे नकटी में बनने वाले सरकारी आवास को स्वीकार नहीं करेंगे।
चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव में चल रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के घर उजाड़कर विधायकों के लिए कॉलोनी बनाना किसी भी हाल में उचित नहीं है।

अपने पत्र में विधायक ने बारिश के मौसम में बुलडोजर कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार के पास नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, जहां आधुनिक और व्यवस्थित विधायक कॉलोनी बनाई जा सकती है। इससे गरीब परिवारों को बेघर होने से बचाया जा सकेगा।
चातुरी नंद ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि विकास के नाम पर गरीबों की कीमत पर फैसले नहीं होने चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग कर चुके हैं। अब लगातार दो कांग्रेस विधायकों के विरोध के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रूप से और गर्मा गया है।



