CG HEROIN SMUGGLER | PG कॉलेज के पास हेरोइन बेचने की तैयारी, पुलिस का बड़ा एक्शन

धमतरी। धमतरी में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा वार किया है। पीजी कॉलेज ग्राउंड के आसपास हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी के पास से हेरोइन, कैश, मोबाइल और बाइक समेत करीब 2.30 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक कॉलेज ग्राउंड के आसपास नशे का सौदा करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 4.76 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में नशे के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आ रही है। अब पुलिस इस पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


