कोंडागांव में सेना का अपमान मामला गरमाया, विजय शाह के बयान पर कांग्रेस का पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन

कोंडागांव। भारतीय सेना और उसके गौरव को लेकर एक बार फिर राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोमिया पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के निर्देश पर पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिसके तहत कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन कर मंत्री का पुतला दहन किया।
सेना का अपमान नहीं सहेगा देश: कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विजय शाह की टिप्पणी को भारतीय सेना के गौरव के खिलाफ बताया। उनका कहना था कि यह सिर्फ एक अधिकारी नहीं, बल्कि पूरी सेना के सम्मान पर हमला है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुधराम नेताम ने कहा, “हम सेना और उसके जवानों के सम्मान के लिए कोई भी कदम उठाने को तैयार हैं। मंत्री विजय शाह की टिप्पणी निंदनीय है और जब तक वे माफी नहीं मांगते, विरोध जारी रहेगा।”
भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे
इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, NSUI और अन्य मोर्चों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने एक सुर में कहा कि सेना को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए और ऐसे नेताओं को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
मोहन मरकाम की चेतावनी
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा, “अगर मंत्री विजय शाह को पद से नहीं हटाया गया, तो कांग्रेस राज्यभर में आंदोलन को और उग्र करेगी।”