CHHATTISGARH | तेंदूपत्ता गोदाम में 10 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

बीजापुर. बीजापुर में सोमवार दोपहर अचानक ऐसा आग का तांडव मचा कि देखते ही देखते पूरा तेंदूपत्ता गोदाम धुएं और लपटों से भर गया।
ईटपाल इलाके में बने निजी गोदाम में रखे करीब 18 हजार तेंदूपत्ता बोरे कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि नुकसान 10 करोड़ रुपए से भी ज्यादा का हो सकता है।
आग इतनी भयानक थी कि सिर्फ फायर ब्रिगेड ही नहीं, बल्कि पुलिस, वन विभाग, नगर पालिका और CRPF के जवानों को भी मोर्चा संभालना पड़ा। देर रात तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
बताया जा रहा है कि वन विभाग ने यह गोदाम किराए पर लिया था और यहां पिछले 10 दिनों से बड़े पैमाने पर तेंदूपत्ता स्टोर किया जा रहा था। लेकिन मौके पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
तेज गर्मी और सूखे मौसम ने आग को और खतरनाक बना दिया। दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फिलहाल आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं, लेकिन इस घटना ने गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



