CHHATTISGARH | 72 हजार से ज्यादा शिक्षक बिना TET!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की पात्रता को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। करीब 1.01 लाख शिक्षकों के आंकड़ों के विश्लेषण में पता चला कि बड़ी संख्या में शिक्षक बिना TET प्रमाणपत्र के हैं।
आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 28,597 शिक्षकों के पास TET सर्टिफिकेट है, जबकि 72,783 शिक्षक बिना TET प्रमाणपत्र के सामने आए हैं। यानी करीब 71 प्रतिशत शिक्षक ऐसे हैं, जिनके पास TET प्रमाणपत्र नहीं है।
अब बिना TET प्रमाणपत्र वाले शिक्षकों को पात्रता परीक्षा देनी होगी। शिक्षा विभाग इन शिक्षकों के आंकड़ों की निगरानी कर रहा है और पात्रता पूरी करने की प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।
जिलेवार आंकड़ों में बिलासपुर सबसे आगे है। यहां 5,646 शिक्षक बिना TET प्रमाणपत्र के पाए गए हैं। इसके चलते आगामी TET परीक्षा और शिक्षकों की पात्रता को लेकर विभागीय गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
वहीं TET को लेकर शिक्षकों का विरोध भी जारी है। प्रदेश से लेकर दिल्ली तक शिक्षक अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में इन आंकड़ों के सामने आने के बाद TET को लेकर विवाद और चर्चा और तेज हो सकती है।



