BABA RAMDEV RAIPUR | बाबा रामदेव बोले – जाति नहीं, भारतीय बचपन खतरे में!

रायपुर। योगगुरु बाबा रामदेव रविवार को रायपुर पहुंचे। देहरादून में खराब मौसम के चलते उन्होंने रायपुर में रात रुकने का फैसला किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने देश की मौजूदा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को लेकर कई बड़ी बातें कहीं।
बाबा रामदेव ने कहा कि देश में न हिंदू, न मुसलमान और न ही कोई जाति खतरे में है, बल्कि भारतीय बचपन, देश की जवानी और भविष्य खतरे में है। उन्होंने आंदोलनों में बच्चों और युवाओं के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए।
राष्ट्रगीत को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित वीडियो अभी नहीं देखा है, लेकिन वंदे मातरम और देश की एकता-अखंडता के मुद्दे पर सभी को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और राष्ट्रधर्म सर्वोपरि है और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
देश की व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि सिर्फ एक प्रधानमंत्री के भरोसे देश को ठीक करने की उम्मीद उचित नहीं है। उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों में हुए अच्छे कामों का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि देश में सब कुछ अच्छा है, ऐसा कहना भी सही नहीं होगा।
बाबा रामदेव ने शिक्षा के व्यवसायीकरण और चिकित्सा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा।



