CG CONGRESS POLITICS | सुखदेव भगत की पहली एंट्री! जोगी कांग्रेस पर क्या होगा फैसला?
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत 27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे। प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। वे 27 से 29 सितंबर तक प्रदेश में रहेंगे और वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों और संगठन के अलग-अलग मोर्चा-प्रकोष्ठ से मुलाकात करेंगे।
दौरे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। संगठन की मौजूदा स्थिति, जिला-ब्लॉक स्तर की गतिविधियों और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर भगत फीडबैक लेंगे।
लेकिन इस दौरे में एक और मुद्दे पर नजर रहेगी। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के कांग्रेस में विलय का प्रस्ताव अभी लंबित है। रेणु जोगी और अमित जोगी की ओर से विलय और कांग्रेस में वापसी का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस की अनुशासन समिति ने इस मामले पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है।
ऐसे में 27 सितंबर की बैठकों में इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, अभी विलय को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। सुखदेव भगत के दौरे में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावों की तैयारी और नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहेंगे।



