RAIPUR CRIME | रविवार की रात क्यों बनी खूनी? 2 चाकूबाजी में 2 मौतें!

रायपुर. रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों से हड़कंप मच गया। दोनों घटनाओं में दो युवकों की जान चली गई।
पहली वारदात रायपुरा चौक के पास हुई। पुलिस के मुताबिक कैलाश निषाद अपनी महिला मित्र के साथ जा रहा था, तभी स्कूटी सवार टीकेंद्र देवांगन ने उसे रोककर कथित तौर पर चाकू से हमला किया। कैलाश ने चाकू छीनकर टीकेंद्र पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कैलाश भी गंभीर रूप से घायल है और AIIMS रायपुर में भर्ती है।
दूसरी घटना चंगोराभाठा के श्रीराम नगर में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का स्थानीय युवकों से विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 अपचारी बालक भी शामिल हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एक ही थाना क्षेत्र में कुछ घंटों के भीतर दो मौतों के बाद अब रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।



