chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | स्कूलों में बच्चों के लिए बड़ा डिजिटल बदलाव

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब बच्चों की हाजिरी सिर्फ रजिस्टर तक सीमित नहीं रहेगी। शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन अटेंडेंस की नई व्यवस्था लागू कर दी है।

नई व्यवस्था में बच्चों की हाजिरी OMR शीट पर दर्ज होगी। महीनेभर का रिकॉर्ड एप पर अपलोड होते ही मुख्यालय के कंट्रोल रूम तक पहुंचेगा।

सिर्फ हाजिरी ही नहीं, अब यह भी ऑनलाइन रिकॉर्ड होगा कि किसी स्कूल में सप्ताह और महीने के हिसाब से कितना कोर्स पूरा हुआ और कितना बाकी है। हर तीन महीने में इसी डेटा के आधार पर स्कूलों की समीक्षा की जाएगी।

इस पूरी व्यवस्था में AI की भी मदद ली जाएगी। इसके जरिए लगातार गैरहाजिर रहने वाले बच्चों और पढ़ाई में पीछे चल रहे स्कूलों की पहचान करने की कोशिश होगी। ऐसे बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए शिक्षकों को उनके घर भेजने की योजना है।

अभी तक बच्चों की हाजिरी का रिकॉर्ड मुख्य रूप से स्कूल स्तर पर ही रहता था। मुख्यालय में सभी स्कूलों का नियमित और एक जगह उपलब्ध डेटा नहीं होता था। नई व्यवस्था के बाद विभाग को स्कूलवार और विषयवार स्थिति ऑनलाइन देखने में मदद मिलेगी।

और भी बड़ा प्लान तैयार हो रहा है। विभाग ऐसी तकनीक पर भी विचार कर रहा है, जिसमें कक्षा की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा सके। शिक्षक कक्षा में क्या और कैसे पढ़ा रहे हैं, इसका वॉयस रिकॉर्ड ऑनलाइन सिस्टम के जरिए मुख्यालय तक भेजने की योजना पर मंथन चल रहा है।

हालांकि यह व्यवस्था अभी विचार के शुरुआती स्तर पर है। फिलहाल बच्चों की हाजिरी और कोर्स की प्रगति का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार करने वाली व्यवस्था पर फोकस है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button