TATKAL TICKET BLACK MARKETING | छत्तीसगढ़ से देशभर में टिकट सप्लाई!

रायपुर। तत्काल टिकटों की कालाबाजारी को लेकर छत्तीसगढ़ से देशभर में चल रहे कथित नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। RPF की जांच में सामने आए सुरागों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के आरक्षण केंद्रों से तत्काल टिकट बनवाकर देशभर के टिकट दलालों तक पहुंचाए जा रहे थे।
मामले में अंबिकापुर RPF ने टिकट दलाल प्रेम दुबे को रायपुर के माना इलाके से हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरक्षण केंद्र के कुछ रेलवे कर्मचारियों से कथित साठगांठ के सबूत मिलने की बात सामने आई है। RPF ने संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में कुछ रेलवे कर्मचारियों के लेन-देन की जानकारी भी मिलने का दावा किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, रकम कथित तौर पर कर्मचारियों के रिश्तेदारों के बैंक खातों में भेजी गई थी। मामले में रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल के कुछ कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
देशभर के दलालों से कनेक्शन का दावा
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के संपर्क में रायपुर, ओडिशा समेत देश के अलग-अलग हिस्सों के टिकट एजेंट और दलाल थे। आरोप है कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न आरक्षण केंद्रों से टिकट बनवाकर उन्हें कोरियर के जरिए बाहर भेजा जाता था।
RPF अब इस नेटवर्क से जुड़े अधिकृत एजेंटों और अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर सकती है। जांच में सामने आए बैंक ट्रांजेक्शन और दूसरे डिजिटल सुरागों के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।



